आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की नोडल अधिकारी ने की समीक्षा

आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की नोडल अधिकारी ने की समीक्षा

 

समयबद्ध ढंग से लक्ष्य पूरा करने और कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

 

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। विशेष सचिव पंचायती राज, उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद के नामित नोडल अधिकारी राजेश त्यागी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षात्मक विकासखंड हर्रैया, कुदरहा, सल्टौआ गोपालपुर एवं विक्रमजोत में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

नोडल अधिकारी ने चारों आकांक्षात्मक विकासखंडों में शासन द्वारा निर्धारित विकास मानकों एवं संकेतकों के आधार पर अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार, ग्रामीण विकास एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों का उद्देश्य विकास के विभिन्न मानकों में सुधार कर आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से कार्य करें। जिन क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम है, उन्हें चिन्हित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करते हुए उस पर तेजी से कार्य किया जाए।

 

नोडल अधिकारी ने निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। विकास कार्यों की नियमित निगरानी के साथ विभागीय अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से त्वरित समाधान करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, डीपीआरओ धनश्याम सागर, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, बीएसए अनूप तिवारी, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, एलडीएम आर.एन. मौर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।