महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या।कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपना जन्मदिन धार्मिक नगरी अयोध्या में विशेष अंदाज में मनाया। काशी से अयोध्या पहुंचे अजय राय ने सबसे पहले रामलला के दर्शन किए, जिसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी में बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। दर्शन-पूजन के उपरांत वे सरयू तट स्थित कंचन भवन पहुंचे, जहां उन्होंने पीठाधीश्वर महंत विजय दास से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जन्मदिन के इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अजय राय ने कहा कि अपने जन्मदिन पर रामनगरी आकर भगवान राम के दर्शन करना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य जनता की सेवा करना और हमेशा जनसाधारण के बीच बने रहना है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने बड़ा दावा किया। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और आगामी चुनाव में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कंचन भवन पहुंचने पर महंत विजय दास महाराज ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर और माला पहनाकर जन्मदिन की आत्मीय शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महंत विजय दास ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि भगवान उन्हें सदबुद्धि प्रदान करें और वे हिंदुत्व को और अधिक मजबूत करने का कार्य करें। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रताप सिंह, अतुल सिंह, अनूप कुमार, सुनील शास्त्री समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।