सियार प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग द्वारा की जा रही है गश्त
ग्रामवासियों को किया जा रहा है जागरूक
बहराइच 05 अक्टूबर। प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच ने बताया कि 04 अक्टूबर 2026 को रात्रि में क्षेत्रीय वनाधिकारी, नानपारा को सूचना प्राप्त हुई कि तहसील नानपारा अन्तर्गत थाना मटेरा के ग्राम भगड़वा करौंदा निवासी चंदी चौहान का 06 वर्षीय पुत्र मिथलेश अपने घर के बाहर प्रांगण में बैठा हुआ था एवं रोहित वर्मा की 05 वर्षीय पुत्री कु. सुनैना 04 अक्टूबर को जब वह तालाब के किनारे शौच के लिए गयी थी लगभग सायं 7.30 से 8.00 बजे के मध्य सियार द्वारा उन पर हमला किया गया।
डीएफओ बहराइच ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही क्षेत्रीय स्टाफ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे एवं तत्काल घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया। स्वास्थ्य लाभ उपरान्त दोनों घायल अपने-अपने घर चले गये, जो पूर्णतः स्वस्थ हैं। घटना स्थल पर पूर्ण रूप से अन्धेरा था। तथापि घटनास्थल के आस-पास छान-बीन करने पर सियार के पदचिन्ह पाये गये। स्थानीय ग्रामवासियों को जागरूक करते हुए अपील की जा रही है कि वह अपने-अपने घरों में प्रकाश की समुचित व्यवस्था रखें और अपने बच्चों को घर के बाहर अकेले न छोड़े तथा सायंकाल में बच्चों को घर के अन्दर दरवाजा बन्द कर रखें। स्थानीय स्टाफ द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त करते हुए निगरानी की जा रही है।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः