लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सरकारी नौकरियों की गारंटी होगी। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा और वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती का कैलेंडर जारी होगा। पेपर लीक रोकने के लिए विशेष बल का गठन किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी और आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त कर युवाओं को स्थायी नौकरियां दी जाएंगी।अखिलेश यादव डॉ. राममनोहर लोहिया पार्क, गोमतीनगर में आयोजित ‘पीडीए संकल्प-शिक्षक-अभ्यर्थी संवाद, अखिलेश जी के साथ’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और अभ्यर्थियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिना नौकरी और रोजगार के कोई भी अर्थव्यवस्था आगे नहीं बढ़ सकती। वर्तमान में शिक्षा और रोजगार के बीच समन्वय का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं के पेपर लीक नहीं होते बल्कि कराए जाते हैं। समाजवादी सरकार बनने पर पेपर लीक पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को विचारधारा के अड्डों में बदल दिया गया है और वहां गिरोह बन गए हैं। विश्वविद्यालयों की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। कार्यक्रम के आयोजकों का धन्यवाद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया पार्क का निर्माण तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कराया था। पांच हेक्टेयर में बने इस पार्क के निर्माण के दौरान एक भी पेड़ नहीं काटा गया, बल्कि पेड़ों को स्थानांतरित किया गया। उन्होंने पार्क में लगी घड़ी का भी उल्लेख किया।अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के कार्यकाल में बने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी सभी ने प्रशंसा की है और इसमें आखिरी छोर पर टोल टैक्स लिया जाता है। उन्होंने भाजपा सरकार में बने गंगा एक्सप्रेस-वे को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि गोरखपुर को स्पेन और वाराणसी को क्योटो बनाने के दावे पूरे नहीं हुए। लखनऊ में उनकी सरकार के दौरान एचसीएल और ट्रिपल आईटी हब स्थापित हुए। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में वितरित किए गए लैपटॉप आज भी चल रहे हैं।कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने केडी कैम्पस की संस्थापक नीतू सिंह, टीडब्लूए के संस्थापक अंकित चौधरी, एयर गुरुकुल के संस्थापक निर्भय कुमार और अभिनव मैथ्स के संस्थापक अभिनव शर्मा समेत कई कोचिंग संचालकों को सम्मानित किया। पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।नीतू सिंह ने अपने संबोधन में अखिलेश यादव के विजन की सराहना करते हुए लैपटॉप वितरण योजना का उल्लेख किया और रोजगार के अधिकार को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अंकित चौधरी ने भर्ती प्रक्रिया में परीक्षा परिणाम से लेकर नियुक्ति तक की समय सीमा निर्धारित करने तथा छात्र समाधान पोर्टल बनाए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने वेटिंग लिस्ट तैयार करने की आवश्यकता भी बताई।निर्भय कुमार ने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के लिए स्वयं संघर्ष करना होगा और नैतिक विकास पर जोर दिया। अभिनव शर्मा ने कहा कि युवा देश को बदलने की क्षमता रखते हैं। वक्ताओं ने प्रदेश में युवाओं के रोजगार, शिक्षा और भर्ती व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए तथा भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली की आलोचना की। उन्होंने प्रदेश में अपराध और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।