पंपिंग सेट चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, बाल अपचारी समेत पांच गिरफ्तार
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। छावनी थाना पुलिस ने खेतों में लगे पंपिंग सेट चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का पंपिंग सेट, घटना में प्रयुक्त हुंडई वर्ना कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मलौली दूबे के सड़क किनारे खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए पंपिंग सेट की चोरी के मामले में थाना छावनी में मुकदमा अपराध संख्या 198/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने 28 सितंबर की रात करीब 8:25 बजे पचवस प्राथमिक विद्यालय के पास से बाल अपचारी समेत लक्की सिंह, राकेश कुमार, दीपक सिंह और आयुष सिंह को पकड़ा।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिन में ट्रक चलाने का काम करते थे, जबकि उनके क्लीनर खेतों में लगे पंपिंग सेट की रेकी कर चोरी के लिए स्थान चिन्हित करते थे। रात में गिरोह के सदस्य हुंडई वर्ना कार से पहुंचकर पंपिंग सेट चोरी कर ले जाते थे। जिस दिन पंपिंग सेट चोरी के लिए नहीं मिलते थे, उस रात सड़क किनारे खड़े वाहनों की स्टेपनी आदि चोरी करने की बात भी पुलिस ने बताई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने थाना मुंडेरवा और कोतवाली क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है। चोरी से प्राप्त धन को आरोपी अपने शौक, खान-पान और अन्य खर्चों में इस्तेमाल करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्की सिंह (26) निवासी पड़ेरिया, राकेश कुमार (30), दीपक सिंह (26) और आयुष सिंह (19), सभी थाना छावनी क्षेत्र के निवासी हैं। एक आरोपी बाल अपचारी है। पुलिस ने एक सफेद रंग की हुंडई वर्ना कार संख्या UP32EQ4027, एक फील्ड मार्शल पंपिंग सेट और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ छावनी, मुंडेरवा और कोतवाली थाने में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेंद्र प्रताप, उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव, उपनिरीक्षक रामकुमार पासवान तथा कांस्टेबल राजीव रंजन, अभिषेक सिंह और सिल्लू जायसवाल शामिल रहे।