दो घंटे में गुमशुदा 12 वर्षीय बालक को पुलिस ने किया बरामद
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से बिना बताए निकले 12 वर्षीय गुमशुदा बालक को सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी 12 वर्षीय शिव शंकर घर पर बिना बताए कहीं चला गया है। परिजन उसकी काफी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था।
सूचना मिलते ही प्रभारी चौकी बड़ेबन जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ बरगदवा पहुंचे और बालक की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों से पूछताछ करते हुए बालक की फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई। एक दुकानदार ने बताया कि फोटो में दिख रहे बालक के समान एक बच्चा कृष्ण मिशन हॉस्पिटल के पास घूम रहा है।
इस सूचना पर पुलिस टीम तत्काल अस्पताल के पास पहुंची और तलाश शुरू की। वहां एक दुकान के पास बालक मिल गया। पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के बाद उसके परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।
बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता एवं सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।