बस्ती की बेटी अनुष्का भट्ट का यूपी अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में चयन
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। विकास खंड साऊंघाट के मधुकरपुर गांव निवासी और श्रीनेत ग्लोबल स्कूल की छात्रा अनुष्का भट्ट ने क्रिकेट के क्षेत्र में जनपद का नाम रोशन किया है। अनुष्का का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से गांव, विद्यालय और पूरे जनपद में खुशी की लहर है।
अनुष्का के पिता अवधेश भट्ट परिवहन विभाग में कार्यरत हैं। बेटी के चयन की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन ने अनुष्का का मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रबंधक रामप्रताप सिंह ने अनुष्का की मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उनका चयन विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और मेहनत के दम पर अनुष्का भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं।
अनुष्का की इस सफलता पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल क्रिकेट करियर की कामना की।