सारा खान ने लखनऊ में बिखेरा ग्लैमर, ‘गोल्डन गाला अवार्ड 2026’ में मंगलमुखियों की स्वाभिमान श्री चाल बनी आकर्षण
लखनऊ। गंगाजमुनी तहजीब की नगरी लखनऊ में नव अंशिका फाउंडेशन के सातवें स्थापना दिवस पर आयोजित सीजन-3 “गोल्डन गाला अवार्ड 2026” ग्लैमर, सम्मान और सामाजिक सरोकारों का यादगार संगम बन गया। गोमती नगर के विराज खंड स्थित नक्षत्र होटल में आयोजित इस भव्य समारोह में टीवी अभिनेत्री सारा खान की मौजूदगी ने चार चांद लगा दिए, वहीं पायल सिंह की अगुआई में प्रस्तुत “मंगलमुखी सर्व सुखी कामना से स्वाभिमान की श्री चाल” ने पूरे आयोजन को भावनात्मक और प्रेरक आयाम दे दिया।
स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक ‘सपना बाबुल का… बिदाई’ में ‘साधना’ के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सारा खान बतौर सेलिब्रिटी गेस्ट शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि “इंसानियत का धर्म सबसे बड़ा है और यही संदेश देने मैं खासतौर पर लखनऊ आई हूं।” उनके संबोधन पर उपस्थित लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
समारोह का सबसे अनूठा आकर्षण “मंगलमुखी सर्व सुखी कामना से स्वाभिमान की श्री चाल” रहा। विश्व शांति और राष्ट्र उन्नति की कामना के साथ मंगलमुखियों ने आत्मसम्मान और सामाजिक समावेशन का संदेश देते हुए आकर्षक रैंप वॉक प्रस्तुत की, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।
फाउंडेशन की निर्देशिका नीशू त्यागी की परिकल्पना और निर्देशन में आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को “गोल्डन गाला अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।
इस अवसर पर एचबीएन इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक मोहम्मद बदर, सेलिब्रिटी फैशन डिजाइनर ओमदीप मोतियानी, मिठाई वाला के मालिक मयंक जायसवाल, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अभिनेत्री पायल सिंह, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सचिवालय शाखा के मैनेजर शेखर पांडे, मिज़ू लेज़र एंड ट्रेडिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की निदेशिका प्रियंका यादव, अंतरराष्ट्रीय कथक गुरु पंडित अनुज मिश्रा, आर्ट प्रमोटर जगमोहन रावत, संजन सिंह, अनामिका सिंह, उर्वशी तिवारी समेत कई विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया।
“नव अंशिका प्राइड अवार्ड” मुख्य अतिथि राहुल गुप्ता, विशिष्ट अतिथि रमेश गुप्ता और राकेश कुमार पांडे को प्रदान किया गया। इसके अलावा नीरा लोहानी, पूनम पांडे, प्रिया गुप्ता, समीर कुरैशी, अनूप मिश्रा अपूर्व, आकिब कमाल, परवेज़ आलमगीर, मोहम्मद सफीर सिद्दीकी, सुल्तान शहरयार खान, डॉ. नवल किशोर त्रिपाठी, पंकज श्रीवास्तव, प्रवीण जायसवाल, धीरेन्द्र मिश्र, अब्दुल वाहिद, अमित कृष्णा, प्रियंका सिंह रघुवंशी, अमन परिहार, मिस्टर आर्यन, अनिरुद्ध चौहान, डॉ. अरुण कुमार, सीमा सिंह, रोहित सिंह, आमिर मुख्तार, तन्वी त्रिपाठी, मंजू बिष्ट, हिमांशु द्विवेदी सहित अनेक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में नक्षत्र होटल के नीरज, दबीर सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। पूरे आयोजन ने सम्मान, समावेश और सामाजिक संवेदनशीलता के संदेश के साथ लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान की।