बस्ती सदर को सुव्यवस्थित, रोजगारपरक और आधुनिक विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प: मनमोहन श्रीवास्तव काजू

बस्ती सदर को सुव्यवस्थित, रोजगारपरक और आधुनिक विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प: मनमोहन श्रीवास्तव काजू

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अधिवक्ता मनमोहन श्रीवास्तव ‘ ने बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं और तैयारियों को साझा करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य बस्ती सदर को सुव्यवस्थित, रोजगारपरक, स्वच्छ, आधुनिक और बेहतर मूलभूत सुविधाओं वाला विधानसभा क्षेत्र बनाने की दिशा में काम करना है। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का सहयोग और मार्गदर्शन मिला तो बस्ती सदर की तस्वीर बदलने के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास किया जाएगा।

मनमोहन श्रीवास्तव ‘काजू’ ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए स्थानीय युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण केंद्र, छोटे उद्योगों और स्टार्टअप को प्रोत्साहन, रोजगार मेलों का आयोजन तथा निजी कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा। स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण केंद्रों के विकास की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि बस्ती सदर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है। प्रमुख सड़कों के सुधार के लिए प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी। जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर उसके स्थायी समाधान का प्रयास होगा। प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था में सुधार तथा गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर तरीके से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों की स्थिति बेहतर करने की योजना के तहत स्मार्ट कक्षाओं, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर जोर देने की बात कही गई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए अध्ययन केंद्र विकसित करने तथा बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात भी उन्होंने कही।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं में सुधार के लिए प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने तथा गरीब परिवारों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी।

उन्होंने किसानों की समस्याओं को भी विकास एजेंडे में प्रमुख स्थान देने की बात कही। सिंचाई, सड़क और मंडी से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के साथ कृषि विशेषज्ञों के शिविर आयोजित कराने और किसानों को सरकारी योजनाओं तथा आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

पर्यावरण और स्वच्छता को लेकर उन्होंने कुआनो नदी एवं उसके घाटों के संरक्षण के लिए अभियान चलाने, बड़े पैमाने पर पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता अभियान चलाने तथा सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया।

व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित संवाद की व्यवस्था बनाने की बात कही गई। बाजारों में पार्किंग, सफाई और यातायात व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय उत्पादों और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही गई।

मनमोहन श्रीवास्तव ‘काजू’ ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनता की भागीदारी जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने, महीने में एक “जनता संवाद दिवस” आयोजित करने तथा प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक करने की व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र के लिए प्राथमिकता वाली विकास सूची तैयार कर समस्याओं के समाधान की दिशा में लगातार निगरानी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बस्ती सदर के विकास के लिए केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि योजनाबद्ध प्रयास, जनभागीदारी और नियमित संवाद की आवश्यकता है। उनका प्रयास रहेगा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों की स्थानीय जरूरतों को समझकर विकास की प्राथमिकताएं तय की जाएं और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग हो।