सेवा और विकास मेरा संकल्प, जनता का भरोसा कायम रखना ही असली जिम्मेदारी- इंजीनियर अरविन्द पाल
310 बस्ती सदर के भावी प्रत्याशी इंजीनियर अरविन्द पाल का बड़ा बयान — जल निकासी और ट्रैफिक जाम के समाधान का रोडमैप तैयार, सीवर लाइन, पार्किंग, पटरी व्यवसायियों के लिए स्थान और युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर रहेगा जोर।
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। विधानसभा क्षेत्र 310 बस्ती सदर से भावी प्रत्याशी के रूप में सक्रिय भाजपा नेता इंजीनियर अरविन्द पाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता का भरोसा हासिल करना और चुनाव जीतना दो अलग-अलग बातें हैं। जनता जब किसी व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि चुनती है तो उसके पीछे एक विश्वास होता है कि चुना गया व्यक्ति क्षेत्र की समस्याओं को समझेगा और उनके समाधान को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के लिए सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी जनता के इसी विश्वास पर खरा उतरना है।
इंजीनियर अरविन्द पाल ने कहा कि उनका प्रयास राजनीति को सेवा और विकास से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि वह केवल चुनाव के समय जनता के बीच रहने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने अपने कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि बनकटी नगर पंचायत में हुए विकास कार्यों को देखा जाए तो उनके काम करने की सोच और प्राथमिकताओं को समझा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि राजनीति में केवल वादे करने के बजाय धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, मूलभूत समस्याओं का समाधान कराने और युवाओं के लिए अवसर तैयार करने की दिशा में वह लगातार प्रयासरत हैं।
अरविन्द पाल ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में जब बड़ी संख्या में लोग अपने घरों तक सीमित थे और जरूरतमंदों के सामने रोजमर्रा की आवश्यकताओं का संकट खड़ा हो गया था, तब उन्होंने लोगों की मदद करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उस समय कई लोग फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियां दिखा रहे थे, जबकि वह लखनऊ से लेकर बस्ती तक सड़कों पर लोगों को चप्पल बांटने और जरूरतमंदों की सहायता करने में जुटे थे।
उन्होंने बताया कि उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन के कार्यकाल में उनके विद्यालय सीडीए एकेडमी को कोरोना मरीजों के लिए चयनित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि वहां क्वारंटीन किए गए लोगों की आवश्यक जरूरतों को पूरा कराने के लिए उन्होंने भोजन, आवश्यक सामग्री और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़ा होना ही उनके लिए सेवा का वास्तविक अर्थ है।
विधानसभा क्षेत्र बस्ती सदर की समस्याओं के बारे में पूछे जाने पर अरविन्द पाल ने कहा कि क्षेत्र की दो प्रमुख समस्याएं जल निकासी और ट्रैफिक जाम हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि भारतीय जनता पार्टी उन्हें अवसर देती है और जनता का आशीर्वाद प्राप्त होता है तो इन दोनों समस्याओं के समाधान के लिए उनका रोडमैप पहले से तैयार है।
उन्होंने कहा कि जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सबसे पहले व्यवस्थित सीवर लाइन का निर्माण जरूरी है। इसके साथ ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में जल निकासी की व्यवस्था को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से विकसित करना होगा। उनका कहना था कि जलभराव की समस्या का समाधान केवल अस्थायी नालियों की सफाई से नहीं, बल्कि दीर्घकालिक योजना के माध्यम से किया जाना चाहिए।
अरविन्द पाल ने कहा कि शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या का एक कारण सड़क किनारे कारोबार करने वाले पटरी व्यवसायियों के लिए व्यवस्थित स्थान का अभाव भी है। उनका कहना है कि पटरी व्यवसायियों को हटाने के बजाय उनके लिए उचित स्थान और सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि उनका रोजगार भी प्रभावित न हो और मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था भी सुचारु रह सके।
उन्होंने शहर में पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग की समस्या का समाधान किए बिना ट्रैफिक जाम से पूरी तरह निजात पाना मुश्किल होगा।
अरविन्द पाल ने कहा कि विकास का मतलब केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण नहीं है। क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और छात्रों को रोजगारपरक संसाधन मुहैया कराना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुसार प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बस्ती सदर में शिक्षा, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और शहरी व्यवस्था को एक साथ बेहतर करने की आवश्यकता है। उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलें और उन्हें रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।
इंजीनियर अरविन्द पाल ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें चुनाव मैदान में उतरने का अवसर देती है और जनता का आशीर्वाद मिलता है तो वह बस्ती सदर के विकास के लिए पूरी क्षमता से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान कर बस्ती सदर को विकास, रोजगार, बेहतर यातायात और नागरिक सुविधाओं के मामले में एक समृद्ध विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि जनता ने यदि उन्हें अपना प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया तो वह जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे और सेवा तथा विकास के माध्यम से अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करेंगे।