महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। पूर्व घोषित कार्यक्रम, राष्ट्रीय आह्वान और चौधरी राकेश टिकैत के निर्देश पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष निसार मेहदी एडवोकेट के नेतृत्व में 26 नवंबर को मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में धरना शुरू किया। रात पड़ाव के बाद अगले दिन 27 नवंबर को प्रदर्शन करते हुए सैकड़ों कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने अपर आयुक्त (प्रशासन) को ज्ञापन सौंपा। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष निसार मेहदी ने कहा कि 9 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार ने लिखित रूप से जो वादे किए थे, उन्हें सबसे पहले पूरा किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन कानूनों को लेकर किसानों ने 13 महीने सड़कों पर संघर्ष किया था, उन्हें अब व्यापार समझौतों, नए कोड, अधिसूचनाओं और सॉफ्टवेयर के माध्यम से पुनः लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर कोई खैरात नहीं मांग रहे, बल्कि अपने हक की मांग कर रहे हैं।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें:
न्यूनतम समर्थन मूल्य व कर्ज मुक्ति: सभी फसलों का लाभकारी मूल्य और खरीद की गारंटी दी जाए। किसानों के कर्ज का बोझ समाप्त किया जाए, आपदा के समय कर्ज से राहत मिले तथा आत्महत्या करने वाले किसान व मजदूर परिवारों को ₹25 लाख मुआवजा दिया जाए।
मतदाता सूची व चुनाव। एसआईआर (SIR) मतदाता सूची को रद्द कर 2024 की मतदाता सूची बहाल की जाए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित कराया जाए। व्यापार समझौते व बिजली: अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता न किया जाए और मौजूदा सभी मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द किया जाए। बिजली निजीकरण संशोधन विधेयक वापस लिया जाए तथा बिजली निजीकरण और जबरन प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकी जाए।
मनरेगा, पेंशन व असमानता पर कर: मनरेगा को बहाल कर 200 दिन के काम और ₹700 दैनिक मजदूरी की गारंटी दी जाए। सम्मानजनक मजदूरी, बुढ़ापे में पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा और जमीन-आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित हो। साथ ही बढ़ती आर्थिक असमानता को देखते हुए अति धनी लोगों पर कर लगाया जाए।शहीद स्मारक: वर्ष 2020-21 के 13 महीने चले किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए 736 किसानों की स्मृति में सिंघु बॉर्डर पर शहीद स्मारक बनाने के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराई जाए।प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकिशोर पटेल, प्रदेश सचिव श्रीराम वर्मा, उत्तम वर्मा, फरीद अहमद, अभय राज ब्रह्मचारी, मध्यांचल महासचिव अनिल वर्मा, मध्यांचल सचिव वीरेंद्र कुमार सिंह, बाराबंकी जिला अध्यक्ष हौसला प्रसाद वर्मा, सुल्तानपुर जिला अध्यक्ष विशाल मौर्य, अयोध्या महिला जिला अध्यक्ष सुमन पांडे, युवा मंडल अध्यक्ष समीर यादव, मंडल सचिव मोहम्मद इस्माइल, मंडल उपाध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, अयोध्या जिला अध्यक्ष गणेश मौर्य, शिवचंद साहू, अमरेश कुमार यादव, देवकीनंदन रावत, मेरी लाल चौहान, मायाराम, जौहर अली और आसमा निशा सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।








Views Today : 24451
Who's Online : 25