निर्वतमान विधायक गोरखनाथ बाबा ने प्रमुख सचिव विधि एवं न्याय को लिखा पत्र, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की उठाई मांग
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति वादों के निस्तारण में हो रही अत्यधिक देरी और पीड़ितों की परेशानियों को लेकर मिल्कीपुर के निवर्तमान विधायक गोरखनाथ बाबा ने आवाज उठाई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन के विधि एवं न्याय विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर प्रदेश में गठित मोटर दुर्घटना न्यायाधिकरणों (MACT) को भंग करने तथा मुकदमों की सुनवाई का अधिकार पूर्व की भांति जनपद न्यायाधीशों को सौंपने की मांग की है। पत्र में निवर्तमान विधायक ने उल्लेख किया है कि वर्ष 2019 की अधिसूचना के तहत अयोध्या और अंबेडकरनगर जनपद के लिए अयोध्या में एकमात्र न्यायाधिकरण स्थापित किया गया था। इससे पूर्व दोनों जनपदों के करीब 18 से 20 अपर जिला जज इन मुकदमों की सुनवाई करते थे, जिससे महीने में तीन से चार तारीखें लगती थीं और छह माह से एक वर्ष के भीतर पीड़ितों को न्याय मिल जाता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में केवल एक पीठासीन अधिकारी होने के कारण मुकदमों में दो से तीन माह बाद की तारीखें पड़ रही हैं, जिससे निस्तारण में पांच से दस वर्ष तक का समय लग रहा है। साथ ही, न्यायाधिकरण में अधिक उम्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तैनाती होने से कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और प्रकीर्ण व वसूली वादों की सुनवाई भी नहीं हो पा रही है।
गोरखनाथ बाबा ने चिंता जताई कि त्वरित न्याय न मिलने और आर्थिक तंगी के कारण गरीब पीड़ित पक्ष 50 से 75 प्रतिशत तक की कम धनराशि पर सुलह करने को विवश हैं। उन्होंने वर्ष 2004 से लेकर 2023 तक के कई लंबित वादों का हवाला देते हुए दुर्घटना पीड़ितों को सस्ता और सुलभ न्याय दिलाने के लिए पुरानी व्यवस्था बहाल करने का आग्रह किया है।






Views Today : 19017
Who's Online : 28