राजस्व वसूली में तेजी लाएं, लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण करें : मंडलायुक्त
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मंडल के विभिन्न जनपदों में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति, लंबित राजस्व वादों तथा शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने विभागवार राजस्व प्राप्तियों एवं वसूली की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा लंबित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करें और जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं है, वहां विशेष प्रयास किए जाएं। शासकीय देयों की वसूली में तेजी लाने के साथ ही राजस्व वसूली की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों, पुराने प्रकरणों के निस्तारण, तहसीलवार राजस्व वसूली तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त कर एवं करेत्तर राजस्व की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि जनसामान्य से जुड़े राजस्व मामलों में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। राजस्व न्यायालयों में लंबित मुकदमों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान उप निदेशक मंडी द्वारा संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर मंडलायुक्त ने स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र प्रसाद यादव, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सत्य प्रकाश, गौरव श्रीवास्तव, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी संजय कुमार बाजपेयी, वन संरक्षक डॉ. रंगाराजू टी., उपायुक्त राज्य कर महेश चन्द, उप महानिरीक्षक निबंधन शशिभानु मिश्र, उपायुक्त आबकारी एस.पी. पाण्डेय, संभागीय परिवहन अधिकारी फरीदउद्दीन, आरटीओ सुरेश कुमार सहित मंडल स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।