आईजीआरएस प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

आईजीआरएस प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त शिकायतों, लंबित प्रकरणों तथा उनके निस्तारण की विभागवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जनतादर्शन से संबंधित प्रकरणों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जाती है। ऐसे मामलों के निस्तारण में विशेष सतर्कता बरतते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मेहनत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के परिणामस्वरूप जनपद की स्थिति में सुधार हुआ है और वर्तमान में जनपद 56 प्रतिशत की स्थिति में है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता से संवाद करें और उसका फीडबैक प्राप्त करने के बाद ही प्रकरण का निस्तारण कराएं। शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने कहा कि शिकायतकर्ता से बात करना संतुष्टि की दिशा में पहला कदम है। संबंधित अधिकारी प्रकरण के निस्तारण के दौरान जीपीएस लोकेशन सहित मौके की फोटो तथा शिकायतकर्ता की फोटो भी पोर्टल पर अपलोड करें। इसके साथ ही निस्तारण से संबंधित संतुष्टि आख्या भी अपलोड की जाए, जिससे प्रकरण के निस्तारण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

बैठक के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर उपलब्ध अद्यतन आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण किया गया। अधिकारियों ने विभागवार लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी आनंद गुप्ता, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, उप जिलाधिकारी राजेश कुमार यादव, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, डीपीआरओ घनश्याम सागर, एलडीएम आर.एन. मौर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, एआरएम रोडवेज कल्पना श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, एई हरेराम, अधिशासी अभियंता विद्युत शुभम पाण्डेय, सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, ईडीएम सौरभ द्विवेदी, तहसीलदार सदर एवं हर्रैया, पूर्ति निरीक्षक कुलभूषण श्रीवास्तव सहित खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।