शिक्षक संघ ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग 

शिक्षक संघ ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

 

डायट प्राचार्य के कार्य-व्यवहार का मामला, भाजपा जिलाध्यक्ष ने डीएम से किया वार्ता

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। डायट प्राचार्य एवं सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक संजय कुमार शुक्ल के कार्य-व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से उठाई गई शिकायत का मामला अब और गंभीर हो गया है। मंगलवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र को ज्ञापन सौंपकर प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद सिंह और जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को पूरे मामले से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने विशेष रूप से 10 सितम्बर को बहादुरपुर विकासखंड के प्रधानाध्यापकों के प्रशिक्षण के दौरान महिला शिक्षकों के साथ अमर्यादित व्यवहार का मुद्दा उठाया। संघ का आरोप है कि शौचालय एवं यूरिनल से संबंधित विषय को लेकर महिला शिक्षकों के प्रति अशोभनीय टिप्पणी की गई, जिससे शिक्षिकाएं आहत हुईं। संघ ने कहा कि शिक्षकों के साथ अच्छा व्यवहार करने के बजाय डायट प्राचार्य द्वारा शिक्षकों को मानसिक प्रताड़ना देना और विभिन्न तरीके की अपमानजनक टिप्पणी करके अपमानित करना लगातार जारी है। संगठन ने मामले में निष्पक्ष जांच कर तथ्य सामने लाने और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन लेने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने शिक्षक संगठन के प्रतिनिधियों के समक्ष ही जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता की। उन्होने डीएम को पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए उचित कार्रवाई की बात कही। वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। जिलाध्यक्ष चन्द्रिका सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि शिक्षकों और विशेषकर महिला शिक्षकों के लिए सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि संगठन मामले में होने वाली जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया पर नजर बनाए रखेगा।

ज्ञापन सौपने वालों में मुख्य रूप से सुधीर तिवारी, सुरेश गौड़, प्रवीण श्रीवास्तव, चंद्रभूषण द्विवेदी, हरेंद्र यादव, रजनीश यादव, मंगला प्रसाद मौर्य, विवेक सिंह, गौरव चौधरी, सच्चिदानंद मिश्रा, विनय शंकर पाण्डेय, वेद प्रकाश उपाध्याय, धीरज सिंह, भीमशंकर मिश्र, बाल मुकुंद चौधरी आदि शामिल रहे।