लोन का झांसा देकर खुलवाते थे बैंक खाते, साइबर ठगी का पैसा करते थे ट्रांसफर

लोन का झांसा देकर खुलवाते थे बैंक खाते, साइबर ठगी का पैसा करते थे ट्रांसफर

बहराइच पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार, 3.90 लाख रुपये नकद समेत बैंकिंग दस्तावेज व कार बरामद

 

बहराइच। ऑपरेशन CyVajra अभियान के तहत बहराइच पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाने और उनमें साइबर ठगी की रकम मंगाकर निकालने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 09 मोबाइल फोन, 07 आधार कार्ड, 25 एटीएम कार्ड, 14 चेकबुक, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक पैन कार्ड, एक पासबुक, 12 विजिटिंग कार्ड, एक बैग, एक वैगनार कार तथा 3.90 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन CyVajra के तहत पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर/साइबर क्राइम नारायण दत्त मिश्रा और क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार के पर्यवेक्षण में थाना खैरीघाट पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।

मामला थाना हरदी क्षेत्र का है। पुलिस को 15/16 सितंबर को प्रमुख पुत्र दूजी निवासी सिसैय्या चूड़ामणि और नारायण वर्मा निवासी सिकन्दरपुर ने शिकायत दी थी कि आरोपियों ने लोन दिलाने के नाम पर उनके नाम से विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए और उनमें अपने मोबाइल नंबर लिंक करा दिए। इसके बाद पासबुक, एटीएम, चेकबुक और मोबाइल नंबर अपने कब्जे में रखकर उन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाई गई।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी तथा डराकर उनके खातों से क्रमशः 2.40 लाख रुपये और 4,800 रुपये निकलवा लिए। मामले में थाना हरदी में मुकदमा संख्या 319/2026 और 320/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने तीनों वांछित आरोपियों को राजापुर मोहल्ले में हाईवे किनारे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुफियान निवासी सिघापुरवा थाना रिसिया, समीर अहमद निवासी आजाद नगर थाना रिसिया तथा कृष्ण मुरारी प्रसाद निवासी सिकन्दरा, जिला नवादा बिहार के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने लोगों को लोन का ऑफर देकर बैंक खाते खुलवाने, पासबुक, चेकबुक और एटीएम अपने पास रखने तथा खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाकर निकालने की बात पुलिस को बताई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने प्रमुख के खाते से 2.40 लाख रुपये और नारायण वर्मा के खाते से 4,800 रुपये डराकर निकलवाने की बात भी स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय रवाना कर दिया। कार्रवाई में थाना खैरीघाट के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, निरीक्षक जयपाल सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक ओम नारायण मिश्रा समेत पुलिसकर्मी तथा स्वॉट टीम के निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राशिद अली, पूर्णेश नारायण पाण्डेय, अभिषेक सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।