नौतनवा में डीसीएम से 70 गत्तों में भरे अवैध पटाखे बरामद
पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, जांच में जुटी टीम
नौतनवा (महराजगंज)। नौतनवा कस्बे में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक ट्रांसपोर्ट परिसर से डीसीएम में लाए गए भारी मात्रा में अवैध पटाखों को बरामद किया है। पटाखे करीब 70 गत्तों में रखे हुए बताए गए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि नौतनवा कस्बे के एक ट्रांसपोर्ट पर डीसीएम से बड़ी संख्या में पटाखे उतारे जा रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार कर्ण सिंह, थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, उप निरीक्षक सुधीर कुमार तथा कांस्टेबल मनीष यादव समेत पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड के जवानों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
टीम ने मौके पर मौजूद पटाखों की जांच की और सुरक्षा के दृष्टिगत उन्हें तत्काल कब्जे में ले लिया। इसके बाद बरामद पटाखों को नौतनवा थाने लाया गया। पुलिस अब पटाखों की वास्तविक मात्रा, उनकी वैधता तथा परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
अधिकारियों द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां भेजा जाना था। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
भारी मात्रा में ज्वलनशील पटाखे मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।