मिशन शक्ति के तहत एंटी रोमियो टीम ने चलाया चेकिंग अभियान
39 संदिग्धों से पूछताछ, तीन मनचलों से भरवाया गया माफीनामा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। मिशन शक्ति अभियान के तहत बस्ती पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने शनिवार को स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों, बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही मनचलों और शोहदों पर प्रभावी कार्रवाई करना रहा।
पुलिस अधीक्षक बस्ती के आदेश एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी एंटी रोमियो स्क्वाड/मिशन शक्ति टीम ने थाना सोनहा क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज, मदनसेन इंटर कॉलेज, कस्बा सोनहा, भानपुर सहित कोचिंग सेंटरों के आसपास तथा प्रमुख सड़कों और चौराहों पर चेकिंग की।
इस दौरान महिला दुकानदारों से बातचीत कर बाजार एवं चौराहों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले मनचलों एवं शोहदों के संबंध में जानकारी ली गई। टीम ने महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब 39 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि तीन मनचलों से माफीनामा भरवाया गया।
पुलिस टीम ने लोगों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अनावश्यक रूप से सार्वजनिक स्थानों पर घूमने से बचने की हिदायत दी। अभियान के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
अभियान में प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता, महिला हेड कांस्टेबल सुनीता यादव तथा महिला कांस्टेबल ममता चौहान शामिल रहीं।