थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

 

भूमि विवादों के निस्तारण के लिए संयुक्त राजस्व-पुलिस टीमों का गठन

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। थाना पुरानी बस्ती में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए।

 

थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद, कानून व्यवस्था सहित जनसामान्य से जुड़ी विभिन्न समस्याएं फरियादियों द्वारा अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संयुक्त राजस्व-पुलिस टीमों का गठन किया गया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास कायम रहे। जटिल मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जांच कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसी क्रम में जनपद के सभी थानों पर भी थाना समाधान दिवस आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।