प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मेडिकल कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान की धूम

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मेडिकल कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान की धूम

10 हजार मिट्टी के दीपों से जगमगाएगा परिसर, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य कैंप, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

बहराइच 11 सितम्बर। बहराइच। मा. प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, बहराइच में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न स्वास्थ्य, सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी योजनाओं, स्वच्छता, रक्तदान, अंगदान, नशा मुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के तहत चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में फल वितरण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रातः 7 बजे से स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। एमबीबीएस एवं नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

नेत्र विभाग द्वारा अंगदान एवं नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। चिकित्सा महाविद्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए बैनर एवं पोस्टर लगाए जाएंगे। इसके अलावा रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता, नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न विषयों पर संगोष्ठी एवं सम्मेलन का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना के लिए आशीर्वाद एवं प्रार्थना कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। परिसर में फोटो एवं सेल्फी प्वाइंट का शुभारंभ करने के साथ ही आकर्षक सजावट भी की जाएगी।

10 हजार दीपों से जगमगाएगा मेडिकल कॉलेज

अभियान के तहत शाम 7 बजे 10,000 मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम सेवा, संकल्प और जनकल्याण के संदेश के साथ आयोजित किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम मा०जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होंगे।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक लगेगा हेल्थ कैंप

सेवा संकल्प अभियान के क्रम में 25 सितंबर 2026 से 2 अक्टूबर 2026 तक हेल्थ कैंप का आयोजन चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा किया जाएगा। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। उक्त दिवस पर एक दिन में 15 कार्यक्रम आयोजन किये जायेगें। कार्यक्रम प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. संजय खत्री के दिशा-निर्देशन में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. वर्मा एवं डॉ. निपेन्द्र सिंह रहेंगे। आयोजन को सफल बनाने में चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी, एमबीबीएस एवं नर्सिंग विद्यार्थी सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः