ग्राम चौपाल के माध्यम से गांवों में पहुंचा प्रशासन, सुनी गईं जनसमस्याएं

ग्राम चौपाल के माध्यम से गांवों में पहुंचा प्रशासन, सुनी गईं जनसमस्याएं

 

*माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई ग्राम चौपाल*

 

*ग्रामीणों की समस्याओं को गांव में ही सुना गया, संबंधित अधिकारियों ने मौके पर किया समस्याओं का निस्तारण*

 

*चौपाल में ग्रामीणों को जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी*

 

अम्बेडकरनगर, 11 सितम्बर, 2026। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित की जाने वाली ग्राम चौपाल के क्रम में आज जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चौपालों का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल के माध्यम से प्रशासन ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना।

 

चौपाल में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से संवाद कर प्राप्त समस्याओं का विभागवार संज्ञान लिया गया। संबंधित अधिकारियों द्वारा यथासंभव समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से जिला अथवा तहसील मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े और उन्हें गांव में ही प्रशासन से संवाद एवं समाधान का प्रभावी माध्यम उपलब्ध कराया जाना है।

 

*कटेहरी क्षेत्र की ग्राम चौपालों में जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग*

 

इसी क्रम में विकासखंड कटेहरी की ग्राम पंचायत दरवन में आयोजित ग्राम चौपाल में मा. विधान परिषद सदस्य श्री हरिओम पाण्डेय तथा ग्राम पंचायत बरामदपुर जरियारी में मा. विधायक कटेहरी श्री धर्मराज निषाद ने प्रतिभाग किया। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के शीघ्र एवं नियमानुसार निस्तारण के संबंध में जानकारी ली।

इस दौरान ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी, विकासपरक एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा पात्रता के संबंध में जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की गई। साथ ही ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

*विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी से ग्रामीणों को मिला मौके पर समाधान का अवसर*

 

ग्राम चौपाल में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी कटेहरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं को सुना तथा प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया से ग्रामीणों को अवगत कराया।

इसी प्रकार जनपद की अन्य ग्राम पंचायतों में भी निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा नियमानुसार एवं यथासंभव मौके पर ही उनका निस्तारण किया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को संदर्भित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।