बिजली कटौती से निजात दिलाने को नील मणि ने उठाई आवाज
अधिशासी अभियंता को सौंपा मांग पत्र, 11 हजार वोल्ट व्यवस्था को 440 वोल्ट LT में बदलने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग
जितेन्द्र पाठक
धनघटा। नगर पंचायत हैसर बाजार धनघटा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर भाजपा नेता नील मणि ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, संत कबीर नगर से मुलाकात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। उन्होंने क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं से संबंधित मांग पत्र सौंपा।
नील मणि ने मांग पत्र के माध्यम से विभिन्न वार्डों में संचालित 11 हजार वोल्ट की विद्युत व्यवस्था को 440 वोल्ट LT व्यवस्था में परिवर्तित किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था में आवश्यक सुधार होने से उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु और बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न वार्डों में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से रखी। उनका कहना है कि कई स्थानों पर विद्युत भार के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाया जाना जरूरी है, ताकि बार-बार होने वाली विद्युत समस्याओं से लोगों को राहत मिल सके।
नील मणि ने कहा कि नगर पंचायत हैसर बाजार धनघटा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति आमजन की दैनिक जरूरत से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसलिए कटौती और तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिशासी अभियंता से मांग पत्र में उठाई गई समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार कराने का आग्रह किया।