बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग ने पहुंचाई दवा और क्लोरीन

बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग ने पहुंचाई दवा और क्लोरीन

रिपोर्टर सैयद अकरम सईद

बहराइच महसी। क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों को राहत एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर दवाओं एवं क्लोरीन का वितरण किया। टीम द्वारा ग्रामीणों को साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल एवं संक्रामक रोगों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य टीम ने जोधेपुरवा, महंतपुरवा, जानकीनगर, पूरे प्रसाद, पूरे गंगा प्रसाद सहित अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों में घर-घर पहुंचकर जरूरतमंद ग्रामीणों को आवश्यक दवाएं वितरित कीं तथा पेयजल को सुरक्षित रखने के लिए क्लोरीन उपलब्ध कराया। इस दौरान डॉक्टर मकबूल अहमद एवं फार्मासिस्ट अरुण कुमार यादव ने ग्रामीणों को आवश्यक दवाओं का वितरण किया। वहीं स्वास्थ्य कार्यकर्ता बंसीलाल एवं अमरजीत ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जरूरी जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ के दौरान दूषित पानी का सेवन न करें, पानी को क्लोरीनयुक्त अथवा उबालकर ही प्रयोग करें तथा किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को आपात स्थिति में आवश्यक दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध हो सकी।