जलजमाव से बेहाल आवास विकास कालोनी के नागरिक, डीएम को सौंपा ज्ञापन
बैरिहवां मार्ग की बदहाली से स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी, स्थायी समाधान की मांग
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आवास विकास कालोनी से बैरिहवां जाने वाले मार्ग पर जलजमाव की समस्या से नागरिक लंबे समय से परेशान हैं। हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। पैदल चलने के साथ ही बाइक सवारों को भी मोहल्ले से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या को लेकर मोहल्लावासियों ने कुछ दिन पूर्व प्रदर्शन कर जलजमाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान न होने पर बुधवार को नागरिकों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं ह्यूमन सेफ लाइफ फाउंडेशन के संस्थापक रंजीत श्रीवास्तव एडवोकेट की अगुवाई में सौंपे गए ज्ञापन में मार्ग की मरम्मत, जलनिकासी और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की गई। रंजीत श्रीवास्तव ने कहा कि टीवी टावर के बगल से बैरिहवां जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव के साथ नालियों का गंदा पानी बहने से लोगों को दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इससे दुर्घटना, संक्रमण तथा जहरीले कीड़े-मकोड़ों का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई विद्यालय स्थित हैं और प्रतिदिन पांच हजार से अधिक स्कूली बच्चों का आवागमन इस मार्ग से होता है। सावित्री विद्या विहार जूनियर स्कूल, आकाश पब्लिक स्कूल, सावित्री विद्या विहार इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों को जोड़ने वाले मार्ग की स्थिति चिंताजनक है। पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने के कारण शाम और रात के समय बच्चों तथा राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
रंजीत श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों को निर्देशित कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कराने तथा जलनिकासी, सड़क और प्रकाश व्यवस्था का स्थायी समाधान कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मोहल्लावासी चरणबद्ध तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में सुनील श्रीवास्तव, नीतेश श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, इन्द्रजीत पाण्डेय, राधेश्याम यादव, अजीत श्रीवास्तव, दीनानाथ मिश्र, अनिल पाण्डेय, सच्चिदानंद पाण्डेय, सुरेन्द्र तिवारी, वीरेन्द्र तिवारी, प्रदीप पाण्डेय, तेजनरायन पाण्डेय, राजेश श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।