नशे के खिलाफ बच्चों ने उठाई जागरूकता की आवाज, पोस्टर प्रतियोगिता में दिया नशा मुक्ति का संदेश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। पीएम श्री कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय देवमी में सोमवार को नशे के प्रति लोगों को जागरूक करने और समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बस्ती अनूप कुमार तिवारी के निर्देशन एवं खंड शिक्षा अधिकारी बनकटी अरुण कुमार यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न पोस्टरों के माध्यम से नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान को प्रदर्शित किया। बच्चों ने अपने पोस्टरों के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
बच्चों ने शपथ लेते हुए कहा कि वे स्वयं नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने नशे को स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए हानिकारक बताते हुए नशा मुक्ति एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मोहम्मद इकबाल ने कहा कि नशीले खाद्य पदार्थों, दवाओं और ड्रग्स के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि बच्चों को पोस्टर प्रतियोगिता, शपथ और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रबंध समिति अध्यक्ष रंजना देवी, ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद चौधरी, कमलेश्वर प्रसाद, विनोद कुमार, अनुपम, वीना चौधरी, बालेंद्र, सुनीता चौधरी, मीरा, मालती, अमरावती, सुमित्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।