मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान बना साक्षी गुप्ता के आत्मनिर्भरता का सहारा

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान बना साक्षी गुप्ता के आत्मनिर्भरता का सहारा

 

चार लाख रुपये के ऋण से शुरू किया व्यवसाय, आर्थिक तंगी को दी मात

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। यदि हौसले बुलंद हों और आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो आर्थिक कठिनाइयां भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। जनपद बस्ती की कोतवाली रोड निवासी साक्षी गुप्ता ने इसे सच साबित कर दिखाया है। सीमित संसाधनों और पारिवारिक आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना उनके सपनों को साकार करने का माध्यम बनी।

 

साक्षी गुप्ता का शुरू से ही अपना व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने का सपना था। वह अपनी मेहनत और हुनर के बल पर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना चाहती थीं, लेकिन व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक पूंजी का अभाव उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती था।

 

इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की जानकारी मिली। साक्षी ने योजना को अपने सपनों को पूरा करने का अवसर माना और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवेदन किया। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम रहा कि योजना के अंतर्गत उन्हें चार लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ।

 

ऋण की सहायता मिलने के बाद साक्षी ने अपने व्यवसाय की शुरुआत की। आज वह पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में जुटी हैं। स्वरोजगार ने न केवल उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा दिखाई, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और आत्मसम्मान भी बढ़ाया है।

 

साक्षी गुप्ता का कहना है कि युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कमी नहीं है, आवश्यकता है तो सही मार्गदर्शन और समय पर आर्थिक सहयोग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ऐसे युवाओं के लिए उम्मीद की किरण है, जो पूंजी के अभाव में अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते।

 

उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जैसे युवाओं को अपने पैरों पर खड़े होने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है। साक्षी की सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।