गुरु सम्मान से सराबोर हुआ औद्योगिक विकास इंटर कॉलेज शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का हुआ भव्य अभिनंदन
बस्ती। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर औद्योगिक विकास इंटर कॉलेज, बिहरा बाजार में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ छात्र छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह रहे। विद्यालय पहुंचने पर प्रबंधक प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महान शिक्षाविद् तथा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर में गुरुजनों के सम्मान और विद्यार्थियों के उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज की वह महत्वपूर्ण कड़ी है जो विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ-साथ उन्हें संस्कार अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते हैं। शिक्षक के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ता है और यही विद्यार्थी आगे चलकर देश एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एक मजबूत राष्ट्र की नींव अच्छे शिक्षकों और संस्कारवान विद्यार्थियों से तैयार होती है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक हरिश्चंद्र सिंह एवं प्रधानाचार्य सतीश सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर संस्कार देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि संजय सिंह, विद्यालय के प्रबंधक हरिश्चंद्र सिंह एवं प्रधानाचार्य सतीश सिंह द्वारा विद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर शिक्षक भावुक एवं गौरवान्वित नजर आए। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।