हर्रैया सम्पूर्ण समाधान दिवस में 159 शिकायतें प्राप्त, 13 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना व पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने सुनी आमजन की समस्याएं
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । तहसील हर्रैया में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में आमजन की समस्याओं की सुनवाई की गई। समाधान दिवस में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस आमजन को त्वरित न्याय एवं उनकी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शेष लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। गंभीर मामलों में मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ताओं को निस्तारण की सूचना समय से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की पूरी बात ध्यानपूर्वक सुनी जाए और उनके साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार किया जाए।
उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 159 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 72, पुलिस विभाग के 18, विकास विभाग के 14, आपूर्ति विभाग के 45, विद्युत विभाग के 6 तथा अन्य विभागों के 4 मामले शामिल रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव निगम, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, डीपीआरओ घनश्याम सागर, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी रश्मि यादव, सीवीओ डा. ए.के. गुप्ता, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, पिछड़ा कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, एलडीएम आर.एन. मौर्या, जिला कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य, डीएचओ अरूण त्रिपाठी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।