महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व संभालने के बाद प्रथम बार अयोध्या आगमन पर हरीश द्विवेदी का नगर निगम के प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय के नेतृत्व में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
स्वागत समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से राष्ट्रीय महामंत्री का अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि हरीश द्विवेदी का भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री जैसे शीर्ष एवं महत्वपूर्ण पद पर पहुंचना संपूर्ण पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति निरंतर सक्रियता, समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ उनके मजबूत जुड़ाव के परिणामस्वरूप ही पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनके दीर्घकालिक अनुभव और कुशल संगठनात्मक क्षमता से संगठन को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी। ऋषिकेश उपाध्याय ने आगे कहा कि पावन नगरी अयोध्या की धरती पर राष्ट्रीय महामंत्री का यह पहला आगमन कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह और प्रेरणा का संचार करने वाला है। इस दौरान अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों और सांगठनिक गतिविधियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं में भारी जोश दिखाई दिया। स्वागत समारोह में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ नारे लगाए और उनके यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामना की। इस भव्य स्वागत से अभिभूत होकर राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने महापौर ऋषिकेश उपाध्याय सहित सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, वे उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर जिलेभर से प्रमुख रूप से विधायक रामचंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडे ‘बादल’, चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, योगेश मिश्रा, महानगर महामंत्री परमानंद मिश्रा, मंत्री शिवम शुक्ला, प्रदीप यादव, दिवाकर सिंह, काशी रावत, मुकेश तिवारी, देवेंद्र सिंह, बाबूराम गौड़ और शिक्षक नेता विश्वनाथ सिंह सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।