महिला पुलिसकर्मियों की समस्याओं को लेकर हुई संवाद गोष्ठी, 125 महिला आरक्षियों ने लिया हिस्सा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त थानों की महिला पुलिसकर्मियों के साथ कार्यस्थली, व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर संवाद गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता महिला थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह ने की।
गोष्ठी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं और कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली गई। महिला थाना प्रभारी ने सभी महिला आरक्षियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया।
डॉ. शालिनी सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों से कहा कि कार्यस्थल अथवा व्यक्तिगत जीवन से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे निःसंकोच अपनी बात अधिकारियों के समक्ष रखें। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में महिला कर्मियों का सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।
इस दौरान महिला आरक्षियों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। महिला पुलिसकर्मियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गोष्ठी से उन्हें अपनी बात रखने का बेहतर अवसर मिला है। इससे उनका मनोबल और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
महिला पुलिसकर्मियों ने पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की इस पहल के प्रति खुशी और आभार व्यक्त किया। गोष्ठी में जनपद के विभिन्न थानों से कुल 125 महिला आरक्षियों ने प्रतिभाग किया।
पुलिस विभाग की इस पहल को महिला पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनके मनोबल को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।