गोरखपुर जिले के बक्शीपुर स्थित जुबली इंटर कॉलेज के गेट पर सोमवार दोपहर छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई। घटना में चार छात्र घायल हो गए। खून से लथपथ छात्रों को कॉलेज प्रशासन के शिक्षक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल छात्रों के बयान दर्ज किए। छात्रों के मुताबिक, स्कूल गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है, जिसके आधार पर हमलावर छात्रों की पहचान हो सकती है।स्कूल गेट पर मची अफरातफरीजानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ छात्र स्कूल ड्रेस में कॉलेज गेट से बाहर निकले। आरोप है कि गेट के बाहर पहले से इंतजार कर रहे दूसरे गुट के छात्रों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान कुछ बाहरी युवक भी शामिल थे। अचानक हुए हमले के बाद वहां मौजूद अन्य छात्र भी जुट गए और दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई। चाकूबाजी से स्कूल गेट पर अफरातफरी मच गई।घटना में 7वीं कक्षा के प्रथम सोनकर, 9वीं के अक्षत सिंह और 10वीं के प्रिंस प्रजापति समेत चार छात्र घायल हुए हैं। छात्रों का आरोप है कि 20 से अधिक बाहरी युवकों ने उन पर हमला किया।प्रधानाचार्य ने पुलिस को दी सूचना
जुबली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विश्वजीत प्रकाश ने बताया कि छात्रों के दो गुटों में मारपीट की सूचना मिली थी। स्कूल के शिक्षकों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। घायल छात्रों के परिजनों को भी जानकारी दी गई है।
पहले भी हुआ था विवादघायल एक छात्र ने पुलिस को बताया कि दूसरे गुट से उसका पहले भी विवाद हो चुका था। सोमवार को स्कूल से बाहर निकलते समय उसके साथ पढ़ने वाला एक छात्र कुछ बाहरी युवकों के साथ आया और चाकू से हमला कर दिया।
दूसरे घायल छात्र के मुताबिक, इससे पहले उन्हें कक्षा में बुलाकर विवाद किया गया था। छुट्टी के समय जब वे स्कूल से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपितों ने पीछे से पकड़ लिया और चाकू से हमला किया। उसने बचने के लिए चाकू पकड़ लिया, जिससे उसके हाथ में भी चोट आई।
तीसरे घायल छात्र ने आरोप लगाया कि स्कूल में अगले कुछ दिनों में छुट्टी होने वाली थी। आरोपितों ने पहले से योजना बनाकर बाहरी युवकों को बुलाया और छुट्टी के समय उन पर हमला कराया। उसका कहना है कि आरोपितों को उम्मीद थी कि छुट्टियों के दौरान मामला शांत हो जाएगा।पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल छात्रों और बाहरी युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।