एंटी रोमियो अभियान में 52 लोगों से पूछताछ, तीन मनचलों से भरवाया गया माफीनामा

एंटी रोमियो अभियान में 52 लोगों से पूछताछ, तीन मनचलों से भरवाया गया माफीनामा

अनुराग लक्ष्य न्यूज

बस्ती। मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड पुलिस टीम द्वारा मंगलवार, 18 अगस्त को जनपद के स्कूल-कॉलेज, बाजार, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मनचलों और शोहदों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्ती के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में की गई।

प्रभारी एंटी रोमियो स्क्वाड/मिशन शक्ति टीम के नेतृत्व में थाना हर्रैया क्षेत्र स्थित महिला डिग्री कॉलेज, राम कुमार विक्रम सिंह इंटर कॉलेज, हर्रैया बाजार, हर्रैया चौराहा, कोचिंग सेंटरों के आसपास तथा मुख्य सड़कों एवं चौराहों पर चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान महिला दुकानदारों एवं स्थानीय महिलाओं से बातचीत कर बाजार, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले शोहदों एवं मनचलों के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस टीम ने महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर उनके निस्तारण का प्रयास किया।

चेकिंग के दौरान करीब 52 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि अनावश्यक रूप से घूम रहे तीन मनचलों से माफीनामा भरवाया गया। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

एंटी रोमियो स्क्वाड ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस से तत्काल संपर्क करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।

एंटी रोमियो टीम में शामिल रहीं: प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता, महिला हेड कांस्टेबल सुनीता यादव, महिला आरक्षी रश्मि सिंह तथा महिला कांस्टेबल ममता चौहान।