राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर पराविधिक स्वयं सेवकों की बैठक

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर पराविधिक स्वयं सेवकों की बैठक

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश बस्ती श्री शमसुल हक के मार्गदर्शन में आगामी 12 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत की तैयारियों एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती द्वारा पराविधिक स्वयं सेवकों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती श्री देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने की। उन्होंने पराविधिक स्वयं सेवकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व एवं इससे होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दें तथा अधिक से अधिक लोगों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए जागरूक करें।

बैठक के दौरान पराविधिक स्वयं सेवकों को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि स्थायी लोक अदालत में सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जाता है। स्वयं सेवकों से अपेक्षा की गई कि वे आमजन को स्थायी लोक अदालत की प्रक्रिया एवं उसके लाभों के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराएं।

इस अवसर पर चीफ, लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल श्री कौशल किशोर श्रीवास्तव ने भी पराविधिक स्वयं सेवकों को राष्ट्रीय लोक अदालत एवं स्थायी लोक अदालत के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के सरल, शीघ्र एवं आपसी सहमति से समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से पक्षकार समय और धन की बचत करते हुए अपने मामलों का निस्तारण करा सकते हैं।

बैठक में पराविधिक स्वयं सेवकों से राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों तक विधिक सहायता एवं लोक अदालत की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया गया।