स्वस्थ जीवन के लिए गोपालन जरूरी : डॉ. बलराम चौरसिया

स्वस्थ जीवन के लिए गोपालन जरूरी : डॉ. बलराम चौरसिया

 

पशुपालक गोष्ठी में पशुपालकों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी, 47 पशुओं का हुआ टीकाकरण

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। शुद्ध दूध, दही और घी का सेवन कर स्वस्थ रहने के लिए गोपालन को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। उपलब्ध संसाधनों के अनुसार प्रत्येक परिवार को कम से कम एक गाय या भैंस का पालन करना चाहिए। यह बात डिप्टी सीवीओ भानपुर डॉ. बलराम चौरसिया ने सिसवा बुजुर्ग में आयोजित पशुपालक गोष्ठी में कही।

डॉ. चौरसिया ने कहा कि खान-पान का सीधा प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है। दूध को प्रकृति प्रदत्त संपूर्ण आहार माना गया है और हर व्यक्ति को किसी न किसी रूप में दूध की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि दूध की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगभग पांच व्यक्तियों पर एक गाय या भैंस का होना आवश्यक है। वर्तमान समय में गोपालन के प्रति लोगों की घटती रुचि चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन गाय और भैंस की संख्या में कमी मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ कृषि और पर्यावरण के लिए भी चिंता का विषय है। पशुओं से प्राप्त गोबर से तैयार जैविक खाद खेतों की उर्वरा शक्ति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। गोबरयुक्त खाद की कमी का असर धरती की सेहत पर भी पड़ रहा है। इसलिए स्वस्थ समाज और स्वस्थ धरती के लिए गोपालन को बढ़ावा देना आवश्यक है।

गोष्ठी के दौरान पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण और पशुपालन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। मौके पर 47 पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया।

इस अवसर पर अवधनारायण, मनोज, लौटन, केशव, राम प्रसाद, परशुराम, राजेश, हनुमान, अजय और फूलचंद सहित बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।