बस्ती संभागीय परिवहन कार्यालय में कल लगेगा परिवहन मेला, मोबाइल नंबर अपडेट कराने की सुविधा निःशुल्क
वाहन स्वामियों को एसएमएस से मिलेगी पंजीयन, फिटनेस, बीमा, परमिट और चालान की जानकारी
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । वाहन स्वामियों की सुविधा और परिवहन सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से संभागीय परिवहन कार्यालय, बस्ती में 27 नवंबर 2026 को परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में वाहन स्वामियों को अपने वाहनों से संबंधित मोबाइल नंबर अपडेट कराने की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस मेले का उद्देश्य वाहन स्वामियों को उनके वाहनों से संबंधित जरूरी जानकारियां समय पर उपलब्ध कराना है। अक्सर वाहन डेटाबेस में मोबाइल नंबर अपडेट न होने के कारण वाहन स्वामियों को पंजीयन, फिटनेस, बीमा, परमिट एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने की जानकारी समय से नहीं मिल पाती है।
परिवहन मेले में वाहन स्वामी अपना अद्यतन मोबाइल नंबर निःशुल्क अपडेट करा सकेंगे। इसके बाद वाहनों से संबंधित प्रपत्रों की वैधता समाप्त होने से पहले ही मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से सूचना मिल सकेगी। इससे वाहन स्वामी समय रहते अपने दस्तावेजों का नवीनीकरण करा सकेंगे और चालान एवं पेनाल्टी से बच सकेंगे।
इसके अतिरिक्त जिन व्यावसायिक वाहनों पर कर बकाया है, उनके स्वामियों को पेनाल्टी में छूट के साथ कर जमा करने की विशेष सुविधा भी प्रदान की जाएगी। मेले में नए वाहन पंजीयन, फिटनेस, परमिट तथा परिवहन विभाग की अन्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे 27 नवंबर को संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और अपने वाहनों से संबंधित मोबाइल नंबर एवं अभिलेख अपडेट कराएं।







Views Today : 18874
Who's Online : 18