कांवड़ महोत्सव में भजन, झांकी एवं विशाल भंडारे का होगा आयोजन
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। माँ शांति सेवा संस्थान, बस्ती के तत्वावधान में श्रावण मास के पावन अवसर पर कांवड़ महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य भजन संध्या, आकर्षक झांकी एवं विशाल भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन फुटहिया चौराहा, बस्ती में संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों के शामिल होने की संभावना है।
संस्थान के अध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ‘सुड्डू’ एवं उपाध्यक्ष सिम्मी सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों की सेवा, भगवान शिव की आराधना तथा समाज में धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। आयोजन के दौरान शिवभक्तों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। भजन-कीर्तन, भगवान शिव की मनमोहक झांकियों तथा विशाल भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक राम प्रकाश सिंह ने सभी शिवभक्तों एवं कांवड़ यात्रियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त 2026 को मा. पवन सिंह एवं कल्पना पटवारी तथा 10 अगस्त 2026 को मा. मनोज तिवारी एवं शेखर जायसवाल ,आर्यन बाबू की विशेष उपस्थिति रहेगी।
आयोजन की तैयारियों में अमरेंद्र पाल पिंकू , मोनू पाल सहित संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
माँ शांति सेवा संस्थान ने समस्त शिवभक्तों एवं कांवड़ यात्रियों को कांवड़ महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता की अपील की है। श्रद्धा, सेवा और भक्ति से ओत-प्रोत यह आयोजन क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है।