महाराष्ट्र के जालना से 400 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे, काशी में होगा ‘गुरु भक्ति रस’ ग्रंथ का पारायण

 

अयोध्या।
रामनगरी अयोध्या में देशभर से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के जालना से अशोक शहाणे के नेतृत्व में 400 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। सभी श्रद्धालुओं ने श्रीरामलला के दर्शन-पूजन किए और धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया।

अशोक शहाणे ने बताया कि उनका दल काशी (वाराणसी) में आयोजित ‘गुरु भक्ति रस’ ग्रंथ के पारायण महोत्सव में शामिल होने जा रहा है। अयोध्या प्रवास के दौरान श्रद्धालुओं ने पूज्य आनंद स्वामी महाराज का पूजन-अर्चन भी किया। इसके बाद सभी श्रद्धालु काशी के लिए रवाना होंगे, जहां भव्य पालकी यात्रा के साथ गुरु भक्ति रस ग्रंथ का पारायण संपन्न होगा।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालु पूज्य आनंद स्वामी महाराज को भगवान दत्तात्रेय का अवतार मानते हैं। उनका जन्म लगभग 275 वर्ष पूर्व हुआ था। महाराष्ट्र के जालना में स्थित उनका भव्य मंदिर लगभग 260 वर्ष पूर्व माधवजी सिंधिया द्वारा बनवाया गया था, जो आज भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

अशोक शहाणे ने बताया कि इस आध्यात्मिक यात्रा में महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से 400 से अधिक श्रद्धालु शामिल हैं। अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद सभी श्रद्धालु काशी पहुंचकर गुरु भक्ति रस ग्रंथ का पारायण करेंगे। श्रद्धालुओं ने कहा कि श्रीरामलला के दर्शन कर उन्हें आध्यात्मिक शांति और दिव्य अनुभूति प्राप्त हुई।