नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया कांवड़ यात्रा तैयारियों का निरीक्षण
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। मंगलवार को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा ने कांवड़ यात्रा को देखते हुये अमहट घाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट परिसर में स्थित धर्मशाला के जीर्णोद्धार, नए शौचालयों के निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था तथा पथ प्रकाश की स्थिति का गहनता से जायजा लिया। उन्होने सीसीटीवी से निगरानी और कांवडियों के लिये शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धर्मशाला के मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अतिरिक्त शौचालयों का निर्माण करवाया जाए। उन्होंने घाट की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने एवं रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कहा कि अमहट घाट जनपद का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं को असुविधा न होने पाये।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नेहा वर्मा के साथ अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, सभासद रामसनेही यादव, सोनू पाण्डेय, विवेक श्रीवास्तव, विक्रम, दुर्गेश के साथ ही स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।