संगठन में नई जान फूंकने उतरे रोहित पांडे, बूथ तक मजबूती का दिया मंत्र
कार्यकर्ताओं को दिया जीत का फॉर्मूला— हर बूथ बने सपा का किला, जनसंपर्क बने सबसे बड़ा हथियार
313 विधानसभा की बैठक में गूंजा संकल्प— एकजुट संगठन के दम पर जीत की तैयारी तेज
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर/खलीलाबाद। समाजवादी पार्टी के युवा नेता रोहित पांडे ने रविवार को कृष्ण पैलेस, खलीलाबाद में आयोजित विधानसभा क्षेत्र 313 की संगठनात्मक बैठक में सेक्टर, जोन एवं बूथ अध्यक्षों तथा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की असली कुंजी है और हर कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है।
बैठक में रोहित पांडे ने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों की आवाज बनकर खड़ी रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाएं और हर बूथ को मजबूत बनाएं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संगठन की ताकत केवल बैठकों से नहीं, बल्कि लगातार जनसंपर्क, जनता के सुख-दुख में भागीदारी और कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनती है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरना होगा।
बैठक में मौजूद सेक्टर, जोन एवं बूथ अध्यक्षों ने उत्साह के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनाव में जीत दिलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में रोहित पांडे ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के दम पर पार्टी नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी।