श्रावण के प्रथम सोमवार पर तामेश्वरनाथ धाम में हाई अलर्ट: डीएम-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कांवड़ मेला व्यवस्थाओं पर सख्ती: सुरक्षा, बैरिकेडिंग व ट्रैफिक प्लान की हुई गहन समीक्षा
जलाभिषेक कर मांगा आशीर्वाद, श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर, श्रावण मास के प्रथम सोमवार को पौराणिक बाबा तामेश्वरनाथ धाम शिव मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक व पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया तथा जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके उपरांत अधिकारीद्वय ने तामेश्वरनाथ धाम परिसर व मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण करते हुए कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन व श्रद्धालुओं/कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेला परिसर में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की स्थिति का आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम व एसपी ने ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेला के दौरान शिव भक्तों के साथ मृदु व्यवहार रखें तथा कांवड़ियों के मार्गों पर विशेष सतर्कता और निगरानी बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी श्रद्धालु या कांवड़ यात्री की तबीयत खराब होती है या कोई अप्रिय घटना घटती है तो तुरंत संज्ञान लेकर त्वरित मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, यातायात डायवर्जन प्लान को सख्ती से लागू करते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारीद्वय ने जलाभिषेक के लिए लगने वाली कतारों की बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन दल की तैनाती, वालंटियर्स की सक्रियता एवं खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। मंदिर परिसर, पांडाल व पोखरा क्षेत्र के आसपास सुरक्षा प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आपसी सौहार्द व शांति बनाए रखते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
इस अवसर पर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारी व कर्मचारी सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।