लखनऊ नहीं, अब सीतापुर में भी होगा टांसिल का ऑपरेशन

लखनऊ नहीं, अब सीतापुर में भी होगा टांसिल का ऑपरेशन

-जिला अस्पताल में पहली बार सफल सर्जरी, 11 वर्षीय बच्चे को मिली नई जिंदगी

सीतापुर। अब गले के टांसिल के ऑपरेशन के लिए मरीजों को लखनऊ के बड़े अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जिला अस्पताल ने चिकित्सा सेवाओं में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार टांसिल की सफल सर्जरी कर इतिहास रच दिया है। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. हर्षिता अवस्थी और उनकी टीम ने 11 वर्षीय बच्चे का ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर जिले के मरीजों के लिए नई उम्मीद जगा दी है। डॉ. हर्षिता अवस्थी ने बताया कि नयागांव निवासी 11 वर्षीय पुनीत पुत्र गुड्डू लंबे समय से टांसिल की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। गले में लगातार दर्द, सूजन और भोजन निगलने में परेशानी के कारण उसकी दिनचर्या प्रभावित हो गई थी। पिछले एक महीने में उसकी तकलीफ और बढ़ गई थी। जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया और 1 अगस्त को जिला अस्पताल में पहली बार टांसिल की सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। सर्जरी के बाद बच्चे की हालत सामान्य है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है। इस सफलता से अब जिले के मरीजों को इस तरह की सर्जरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. इंद्र सिंह ने इस उपलब्धि पर डॉ. हर्षिता अवस्थी और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे जिला अस्पताल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। ऑपरेशन टीम में डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. गंगाधर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. आदिम, अवधेश वर्मा तथा सहायक शानू पांडे की अहम भूमिका रही। यह सफलता जिला अस्पताल की बढ़ती विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।