सावन के पहले सोमवार पर नैमिषारण्य हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा
– शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
सीताुपर। सावन मास के प्रथम सोमवार पर सोमवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही नैमिषारण्य के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देवदेवेश्वर मंदिर के निकट गोमती नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर ‘‘हर-हर महादेव‘‘ और ‘‘बम-बम भोले‘‘ के जयघोष के साथ जल लेकर बाबा रामरामेश्वर एवं देवदेवेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भांग, धतूरा, बेलपत्र, चंदन और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया। मंदिर परिसर में रामचरितमानस का अखंड पाठ एवं श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। वहीं महामृत्युंजय पीठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। चक्रतीर्थ स्थित बाबा भूतेश्वरनाथ, पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर, मां ललिता देवी परिसर के ललितेश्वर बाबा, तुरंतनाथ बाबा, रुद्रावर्त तथा संकटहरण बाबा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। पूरे तीर्थ क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा और शिवभक्ति के जयघोष गूंजते रहे।