14 अगस्त तक बढ़ाई गई बकाया मांग एवं जन शिकायत निवारण शिविर की समयावधि
प्रयागराज। करदाताओं के बकाया मांग संबंधी मामलों तथा अन्य मामलों के निस्तारण के लिए आयकर विभाग, इलाहाबाद द्वारा 15 जुलाई से 31 जुलाई तक बकाया मांग एवं जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रभार के सभी अधीनस्थ कार्यालयों में आयोजित किया गया।
मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद के निर्देशानुसार इस शिविर के अंतर्गत प्राप्त होने वाले आवेदनों की प्रतिदिन गहन निगरानी की जा रही है तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है जिसके परिणामस्वरूप मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद प्रभार क्षेत्राधिकार में आने वाले आयकर कार्यालयों में 31 जुलाई तक कुल 1273 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 911 आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया।
श्रीमती मीनाक्षी सिंह, मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद द्वारा करदाताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तथा 31 जुलाई, 2026 को आयकर विवरणी दाखिल करने की अंतिम तिथि होने के कारण एवं आयकरदाताओं, बार एसोसिएशंस एवं सीए एसोसिएशंस व टैक्स प्रैक्टिशनरों की निरंतर मांग को ध्यान में रखते हुए इस शिविर की अवधि को 14 अगस्त तक विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने प्रभार के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सीए एवं बार एसोसिएशंस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें ताकि करदाता अपनी समस्याओं का समाधान समय पर करा सकें।
प्रधान आयकर आयुक्त, इलाहाबाद श्री मानस मेहरोत्रा के दिशा-निर्देशन में इलाहाबाद प्रभार के सभी अधीनस्थ कार्यालयों में 14 अगस्त तक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से करदाताओं की लंबित शिकायतों, रेक्टिफिकेशन आवेदनों, अपील प्रभाव संबंधी मामलों तथा करदाता सेवाओं से जुड़े अन्य विषयों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।