अयोध्या की पंचान पट्टी उज्जैनिया हनुमानगढ़ी में नवनिर्वाचित श्रीमहंत संदीप दास का अभिषेक, संतों की उपस्थिति में हुआ विशाल भंडारा

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। पंचान पट्टी उज्जैनिया श्रीहनुमानगढ़ी में नवनिर्वाचित श्रीमहंत संदीप दास महाराज के महंत अवचुनन अर्थात अभिषेक के उपरांत एक भव्य भोज-भंडारा समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्रीहनुमत कथा मंडपम् में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ संत महंत कल्याण दास महाराज द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशाल संत सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें हनुमानगढ़ी अखाड़े सहित अयोध्या भर से पधारे साधु-संत, श्रीमहंतगण और प्रबुद्धजन शामिल हुए। सभी संत-महात्माओं ने नवनिर्वाचित श्रीमहंत संदीप दास महाराज को पुष्पमाला पहनाकर एवं आशीर्वाद देकर उनके नवदायित्व के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उपस्थित संतों ने कहा कि श्रीहनुमानगढ़ी की इस गौरवशाली परंपरा को संदीप दास महाराज आगे बढ़ाएंगे और सनातन धर्म की सेवा में अपना योगदान देंगे। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। आयोजन को सफल बनाने में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।