महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। सरयू नदी में स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया, जब गोरखपुर से आई 10 वर्षीय एक बालिका अचानक गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगी। जल पुलिस की त्वरित और साहसिक कार्रवाई से बालिका की जान बचा ली गई। घटना का विवरण गोरखपुर जिले के थाना गुलरवरिया अंतर्गत ग्राम फुलवरिया निवासी बाल गोविन्द की 10 वर्षीय पुत्री सृष्टि सरयू नदी में स्नान कर रही थी। इसी दौरान वह अचानक जेटी के नीचे गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बालिका को डूबता देख घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत जल पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई सूचना मिलते ही जल पुलिस प्रभारी रूबे प्रताप मौर्य के नेतृत्व में टीम ने बिना एक पल गंवाए नदी में छलांग लगा दी। अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए जल पुलिस ने बालिका को सकुशल बाहर निकाल लिया। सराहनीय बचाव दल इस सफल और मानवीय बचाव अभियान में निम्नलिखित कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई रूबे प्रताप मौर्य (जल पुलिस प्रभारी) मनोज पाल (कांस्टेबल) लालमणि (कांस्टेबल) मेहर सिंह (कांस्टेबल) नित्यानन्द यादव (कांस्टेबल) कमरूदिन (कांस्टेबल) रितेशदाश मिश्र
अस्पताल में उपचार और स्थिति सामान्य जल पुलिस द्वारा नदी से बाहर निकालने के बाद बालिका को प्राथमिक सहायता दी गई। इसके बाद उसे तुरंत श्रीराम अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसकी स्थिति को पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित बताया। अस्पताल में भी जल पुलिस टीम ने बच्ची के इलाज और अन्य व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग किया। जल पुलिस की इस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक मासूम की जान बच गई, जिसकी परिजनों और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।