गोरख श्रीवास्तव के निधन पर शोक, पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण सिंह चौबे व चेयरमैन जगत जायसवाल ने दी श्रद्धांजलि
वरिष्ठ अधिवक्ता के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर, आवास पर उमड़ा जनसैलाब
अधिवक्ता समाज के लिए अपूरणीय क्षति, योगदान को नम आंखों से किया याद
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। शहर के पुरानी तहसील निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. गोरख श्रीवास्तव के निधन से अधिवक्ता समाज सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही शुभचिंतकों, अधिवक्ताओं और गणमान्य लोगों का उनके आवास पर तांता लग गया।
शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण सिंह चौबे, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, खलीलाबाद नगर पालिका चेयरमैन जगत जायसवाल सहित कई प्रमुख लोगों ने स्व. श्रीवास्तव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण सिंह चौबे ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि स्व. गोरख श्रीवास्तव एक कुशल, अनुभवी और प्रतिष्ठित अधिवक्ता थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में न केवल न्यायिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि स्व. श्रीवास्तव का निधन अधिवक्ता समाज और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।