
बस्ती। जनपद से सटे दुबखरा गांव स्थित सेना के पूर्व कर्नल के. सी. मिश्रा के फार्म हाउस में उस समय सनसनी फैल गई, जब वहां दुर्लभ प्रजाति के पांच अजगर के बच्चे दिखाई दिए। सूचना मिलते ही फार्म हाउस के कर्मचारियों ने बिना घबराए सूझबूझ का परिचय दिया और सभी अजगर के बच्चों को सुरक्षित तरीके से एक डिब्बे में रख लिया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व कर्नल के. सी. मिश्रा ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम के पहुंचने पर सभी अजगर के बच्चों को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व कर्नल के. सी. मिश्रा ने कहा कि “वन्य जीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। वन्यजीवों के संरक्षण से ही पर्यावरण का संतुलन बना रहता है और जैव विविधता सुरक्षित रहती है।”
स्थानीय लोगों ने भी कर्मचारियों की सतर्कता और पूर्व कर्नल के. सी. मिश्रा की संवेदनशील पहल की सराहना की। विशेषज्ञों के अनुसार अजगर सामान्यतः विषैले नहीं होते और पर्यावरण में चूहों जैसे जीवों की संख्या नियंत्रित कर प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। फार्म हाउस के कर्मचारी को सभी लोगों ने सम्मानित किया।