-शव स्वदेश लाने की उठी मांग, विधायक ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
मिल्कीपुर-अयोध्या। रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुमारगंज थाना क्षेत्र के एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार ने जनप्रतिनिधियों से शव को भारत लाने की गुहार लगाई है। इस मामले में मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मृतक का पार्थिव शरीर स्वदेश मंगाने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार कुमारगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर लिलहा गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र अमर बहादुर रोजगार के लिए 3 अप्रैल 2025 को सऊदी अरब गए थे। वह सऊदी अरब के अरगा महदिया-35 नंबर क्षेत्र में कार्यरत थे। बताया गया कि 22 जुलाई 2026 की रात उन्होंने रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में मातम छा गया। मृतक की मां सावित्री देवी ने मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान को प्रार्थना पत्र देकर बेटे का शव सऊदी अरब से भारत मंगवाने की मांग की है। ग्राम प्रधान निर्मल कुमार ने बताया कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। बृजेश कुमार अपने पीछे दो नाबालिग बेटों को छोड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते बृजेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतक का दूसरा भाई भी रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गया हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार देर रात मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक ने तत्काल प्रधानमंत्री भारत सरकार को पत्र लिखकर अनुरोध किया कि विदेश मंत्रालय एवं सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक बृजेश कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचाने की व्यवस्था कराई जाए। विधायक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर मांग किया है कि परिवार आर्थिक रूप से असहाय है और पार्थिव शरीर भारत लाने में सक्षम नहीं है शव को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।देर रात मृतक के घर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में विधायक चंद्रभानु पासवान के साथ नायब तहसीलदार रंजन वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष बंशीधर शर्मा तथा भाजपा नेता शंभू सिंह भी मौजूद रहे। सभी ने परिजनों को सांत्वना देते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।