सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती के निर्देश पर मुंडेरवा में गरजा प्रशासन, मुख्य मार्ग से हटाया गया अवैध अतिक्रमण
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। नगर पंचायत मुंडेरवा में लंबे समय से जाम और अव्यवस्था का कारण बन रहे अतिक्रमण पर बुधवार को प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। *मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती* के सख्त निर्देशों के बाद राजस्व, पुलिस और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने मुंडेरवा के मुख्य चौराहे से लेकर रेलवे स्टेशन/बाजार रोड तक व्यापक ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’ चलाया। पिछले कई दिनों से स्थानीय नागरिकों की शिकायत थी कि सड़क पर टीन-शेड, ठेले, गुमटियां और अवैध दुकानों की वजह से हर समय जाम लगा रहता है। एम्बुलेंस और स्कूली वाहनों को भी निकलने में दिक्कत होती थी।
सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती* के निर्देश पर यह कार्रवाई अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मुंडेरवा और नायब तहसीलदार कुदरहा की संयुक्त अगुवाई में की गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने सड़क की पटरियों पर लगे अवैध काउंटर, गुमटियां, लोहे के एंगल और नालियों के ऊपर हुए पक्के-कच्चे निर्माण को हटवाया। दुकानों के बाहर लगे बड़े-बड़े साइनबोर्ड और अवैध होर्डिंग्स को भी जब्त किया गया।
अभियान के दौरान लाउडस्पीकर से सख्त चेतावनी दी गई। प्रशासन ने कहा: “सार्वजनिक मार्ग और सरकारी भूमि जनता के आवागमन के लिए है। यदि किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया तो नगर पालिका अधिनियम की सुसंगत धाराओं में *FIR दर्ज कर जुर्माना वसूला जाएगा*।”
*व्यापारियों के हित में ही है यह कार्रवाई* प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि अतिक्रमण से सबसे ज्यादा नुकसान व्यापारियों को ही होता है। सड़क जाम होने से ग्राहक बाजार नहीं आ पाते, जिससे बिक्री घटती है। साथ ही जाम में फंसी एंबुलेंस से किसी की जान भी जा सकती है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और जाम-मुक्त बनाने के लिए सभी दुकानदार अपनी सीमा में ही सामान रखें और नालियों को न ढकें।
स्थानीय लोगों ने *सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती* की इस पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से मुंडेरवा का मुख्य बाजार अब खुला और सुगम हो गया है।