दुबौलिया फीडर में भ्रष्टाचार का आरोप, अधिवक्ता ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। दुबौलिया क्षेत्र के अधिवक्ता चिंताहरण सिंह ने अधीक्षण अभियंता को शिकायत पत्र देकर दुबौलिया फीडर पर कार्यरत अवर अभियंता पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि कई किसानों को एक ही गाटा और चक संख्या पर बिजली कनेक्शन देकर मोटरों का संचालन कराया जा रहा है, जबकि अन्य चकों में नियमों के अनुसार कनेक्शन नहीं दिए जा रहे। आरोप है कि किसानों से अवैध धन उगाही कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी लंबे समय से क्षेत्र में प्रभाव बनाए हुए हैं और कार्रवाई से बेखौफ होकर कार्य कर रहे हैं। अधिवक्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अवर अभियंता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि दुबौलिया फीडर को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा सके।